: बकस्वाहा वन परिक्षेत्र में अवैध शिकार पर शिकंजा: जंगली सुअर का शिकार पकड़ा गया, वन विभाग की बड़ी सफलता
admin
Wed, Dec 25, 2024
बकस्वाहा वन परिक्षेत्र में अवैध शिकार पर शिकंजा: जंगली सुअर का शिकार पकड़ा गया, वन विभाग की बड़ी सफलता
बकस्वाहा: वन्यजीवों के संरक्षण में वन विभाग का अहम कदम, नैनागिर सर्किल के देवपुर वीट में अवैध शिकार की एक बड़ी घटना का पर्दाफाश हुआ है। जंगली सुअर के अवैध शिकार को पकड़ने में वन विभाग की टीम ने सफलता हासिल की, जिससे शिकारियों में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई को क्षेत्रीय वन मंडल अधिकारी श्री सर्वेश सोनवानी और उप मंडल अधिकारी श्री राम कुमार के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, देवपुर वीट के प्रभारी अधिकारी आशुतोष पचौरी और वनरक्षक बृजरान सिंह ने तीन आरोपियों को अवैध रूप से जंगली सुअर का मांस लेकर जाते हुए पकड़ा। आरोपी देवरी निवासी ध्रुव लोधी, गणेश लोधी और दलसिंह दलसिंह ने पूछताछ में बताया कि यह सुअर मझगवां घाटी निवासी गवेश आदिवासी ने शिकार किया था और उन्होंने उसे खरीदकर ले लिया था।
वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गणेश आदिवारी के खेत में जाकर छापेमारी की और वहां जंगली सुअर का उबला हुआ मांस और उसका सिर बरामद किया। अवैध शिकार की सामग्री को जप्त कर आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
यह कदम न केवल वन विभाग की तत्परता को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र में अवैध शिकार पर भी कड़ा संदेश भेजता है। एक महीने के भीतर नैनागिर सर्किल में यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसमें वन विभाग ने शिकारियों को पकड़ने में सफलता पाई है। यह सफलता वन विभाग के कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जो वन्यजीवों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की इस सफलता को क्षेत्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है। श्री सर्वेश सोनवानी और श्री राम कुमार के नेतृत्व में इस अभियान ने क्षेत्र में अवैध शिकार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन