: सीएम राइज विद्यालय बकस्वाहा में मनाया गया संविधान दिवस, 'हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान' अभियान का शुभारंभ
admin
Tue, Nov 26, 2024
सीएम राइज विद्यालय बकस्वाहा में मनाया गया संविधान दिवस, 'हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान' अभियान का शुभारंभ
बकस्वाहा। भारत सरकार के निर्देशानुसार संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सीएम राइज विद्यालय बकस्वाहा में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर 'हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान' अभियान के तहत वर्ष भर चलने वाले आयोजनों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य आर.के. ताम्रकार द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर तिलक एवं माल्यार्पण से हुई। इसके बाद विद्यालय के समस्त शिक्षकों और छात्रों ने बाबा साहब को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। संविधान की शपथ और उद्देश्य वाचन
विद्यालय के संगीत शिक्षक के.के. दुबे ने सभी शिक्षकों और छात्रों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई। तत्पश्चात, उच्च माध्यमिक शिक्षक पुरुषोत्तम रजक ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान के उद्देश्यों का वाचन कराया। इस दौरान सभी छात्रों ने संविधान के उद्देश्यों को दोहराते हुए उसके प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्राचार्य का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य आर.के. ताम्रकार ने कहा, "संविधान हमारे देश की आत्मा है, जो हमारे लोकतंत्र और अधिकारों का आधार है। आज हमें न केवल इसके महत्व को समझने की जरूरत है, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या और जीवन मूल्यों में आत्मसात करना चाहिए। भारतीय संविधान न केवल हमारी विविधता को एकजुट करता है, बल्कि समानता, स्वतंत्रता और न्याय के लिए प्रेरित करता है।" उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए।
शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में व्यायाम शिक्षक देवी सिंह राजपूत और प्रधान अध्यापक रूप सिंह लोधी ने छात्रों और शिक्षकों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस विशेष अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
— विनोद कुमार जैन, बकस्वाहाTags :
विज्ञापन
विज्ञापन