: जीतू पटवारी ने टीआई से कहा- शिकायत बहुत आ रही, आपके खिलाफ धरने पर बैठ जाऊंगा*
admin
Thu, Jan 16, 2025
*जीतू पटवारी ने टीआई से कहा- शिकायत बहुत आ रही, आपके खिलाफ धरने पर बैठ जाऊंगा*
देवास। जिले की पुलिस इन दिनों कांग्रेस के निशाने पर है। सतवास पुलिस थाने में युवक की मौत के बाद से गर्माए माहौल की आंच अब कन्नौद पुलिस थाने तक पहुंची है। पुलिस पर भाजपा नेताओं के दबाव में काम करने के आरोप लगे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को यहां तक कहना पड़ रहा है कि सुधर जाओ वरना तुम्हारे खिलाफ धरने पर बैठ जाउंगा। इधर, टीआई का कहना है कि पक्षपात के आरोप गलत है। दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया है।
*क्या है यह पूरा मामला*
दरअसल, मामला कुसमानिया में हुए विवाद का है। यहां गत दिनों आपसी रंजिश में देवराज परमार व महेश परमार में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से मारपीट की गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई।
पुलिस ने तीन अलग-अलग केस दर्ज किए। दो केस देवराज परमार के पक्ष के विरुद्ध जबिक एक महेश परमार के पक्ष के विरुद्ध दर्ज हुआ। घटना में देवराज परमार के पुत्र वीरेंद्र को गंभीर चोट आई, जिसका इंदौर में इलाज चल रहा है। देवराज परमार के पक्ष की ओर से शिकायत की गई कि कन्नौद थाना प्रभारी तहजीब काजी विधायक आशीष शर्मा के दबाव में है। इसलिए हमारी ओर से एफआईआर नहीं लिखी जा रही। बेटे को गंभीर चोट आई। तीन घंटे तक थाने में बैठाए रखने के बाद भी साधारण धाराओं में केस दर्ज किया। जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भोपाल से आष्टा होते हुए कन्नौद जा रहे थे, उस समय कुसमानिया में पटवारी से घटनाक्रम की शिकायत की गई।
*पटवारी ने सबके सामने की टीआई से बात की*
इधर, मामले में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने फोन पर टीआई तहजीब काजी को खरीखोटी सुनाई। पटवारी ने समर्थकों के सामने टीआई काजी को फोन कर लाउडस्पीकर पर बात की और कहा कि क्यों काजी जी, आपको समझ नहीं आ रहा। उस दिन मैं आया था, आपको इशारे में समझाया था, फिर भी समझ नहीं आई। कुसमानिया में मारपीट हुई। लड़का इंदौर के अस्पताल में भर्ती है तो आरोपितों को गिरफ्तार क्यों नहीं कर रहे। क्या मृत्यु प्रमाण पत्र का इंतजार कर रहे हो। आपकी बहुत शिकायतें आ रही हैं। हर कोई शिकायत कर रहा है। ये गलत बात है। थाना बदल लो आप। मैं आपके खिलाफ ही धरना देने आ जाउंगा।मामले में दूसरी तरफ से टीआई काजी कहते रहे कि सर कायमी हो गई है। कुछ कागज का इंतजार कर रहे हैं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन